देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध दून पुलिस ने एक 8 वर्षीय लापता बालक को त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया।
कोतवाली डालनवाला क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 29 जुलाई को पुलिस को सूचना दी कि उनका 8 वर्षीय पुत्र पीयूष बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस हरकत में आई और बालक की फोटो व अन्य विवरण कंट्रोल रूम तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में बालक को रेसकोर्स क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बाल संरक्षण अधिकारी की पूछताछ में बालक ने बताया कि उसने घर की गुल्लक से पैसे निकालकर खर्च कर दिए थे। माता-पिता की डांट के डर से वह बिना बताए घर छोड़कर चला गया था।
पुलिस ने बालक को चौकी आराघर लाकर उसकी काउंसलिंग कराई और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, चौकी प्रभारी आराघर
कांस्टेबल प्रवीण भंडारी
कांस्टेबल आदित्य राठी

