गोहाना। अवैध शराब की तस्करी करने के लिए आरोपी ने ऐसा तरीका अपनाया, जिससे पुलिस को भी चकमा दिया जा सके। तस्कर ने अपनी सफेद ईको कार पर एंबुलेंस लिखवा रखा था, ताकि सड़क पर जांच के दौरान किसी को उस पर शक न हो। हालांकि, सोनीपत की क्राइम यूनिट गोहाना ने उसकी इस चाल को नाकाम करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, क्राइम यूनिट गोहाना की टीम गांव गामड़ी के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव बजाना कलां निवासी प्रदीप उर्फ भगता चंडीगढ़ से ईको कार में अवैध शराब भरकर अपने गांव की ओर जा रहा है। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार पर एंबुलेंस लिखवा रखा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गोहाना-खानपुर कलां मार्ग पर गांव गामड़ी से पहले नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद गोहाना की दिशा से एक सफेद रंग की ईको कार आती दिखाई दी, जिस पर एंबुलेंस लिखा हुआ था। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली और चालक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान चालक की पहचान प्रदीप उर्फ भगता के रूप में हुई, जो गन्नौर क्षेत्र के गांव बजाना कलां का रहने वाला है। वाहन की जांच करने पर उसमें से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां मिलीं। पुलिस ने शराब और ईको कार को कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी चंडीगढ़ से शराब लेकर अपने गांव की ओर जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां पहुंचाई जानी थी तथा इस तस्करी के पीछे अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।


