गायघाट । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह मैठी चौक के पास एनएच-27 के किनारे झाड़ियों में उनका शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका जताई है। शुरुआती तौर पर जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
मृतक की पहचान मैठी गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय के रूप में हुई है। उनके भाई विमलेश राय के अनुसार, कमलेश बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक ट्रक को टोल शुल्क से छूट दिलाने के सिलसिले में टोल प्लाजा गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल व अन्य संपर्क भी नहीं हो सका। परिवार के लोगों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
गुरुवार सुबह घर से लगभग 500 मीटर दूर एनएच-27 के किनारे झाड़ियों में कमलेश का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए।
परिजनों के मुताबिक, कमलेश पहले ट्रक चलाने का काम करते थे। करीब एक साल पहले उन्होंने जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार शुरू किया था। इसी वजह से परिवार को आशंका है कि किसी कारोबारी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई होगी। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण एनएच-27 पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सुबह करीब 6:30 बजे मुजफ्फरपुर से दरभंगा जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। बाद में पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू कर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।
सूचना पर पहुंची गायघाट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के अनुसार, मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही कमलेश राय की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।


